फिरोजाबाद। जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में विकास भवन सभागार में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ जनपद में मनाया गया। जनपद के समस्त शिवालयों में ओम के पवित्र उच्चारण के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री के सोमनाथ से किए गए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि सोमनाथ सदियों से आस्था और सत्ता के मिलन बिंदु पर स्थिर रहा है। राजनीतिक परिवर्तनों के कारण मंदिर को कई बार क्षति पहुंचाई गई, लेकिन हर विनाश के बाद भक्तों और शासकों के संकल्प ने इसे पुनः खड़ा किया। यह घटना विनाश की कहानी नहीं, बल्कि उस अटूट आस्था की निरंतरता को दर्शाती है, जहां पवित्र स्मृतियां भौतिक क्षति से कहीं अधिक शक्तिशाली सिद्ध हुई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को उसकी गहरी विरासत से परिचित कराने का अवसर मिलता है। आज के भौतिकवादी युग में नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। सोमनाथ अब केवल एक पुनर्स्थापित मंदिर नहीं, बल्कि एक जीवंत तीर्थ और हमारे मूल्यों की निरंतर धारा का प्रतीक है।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प और भक्तिपूर्ण वातावरण के बीच हुआ, जिसमें जनपद की सांस्कृतिक एकता की झलक दिखाई दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे के अलावा विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी मौजूद रहे।




