फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रसूलपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मोढ़ा से जमालपुर और मोतीनगर जाने वाले तिराहे के पास पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी आसिफ के पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र नसीम, निवासी पुराना रसूलपुर, और योगेन्द्र कुमार उर्फ अर्जुन, निवासी इटावा, वर्तमान में थाना नारखी क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें से दो बाइकें रसूलपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई बताई गई हैं। आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और दो खोखा भी बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आसिफ के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सहित रसूलपुर थाना पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल थे।




