पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने योगी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश की है। रविवार दोपहर लखनऊ स्थित जन भवन में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर कैबिनेट विस्तार के लिए मंजूरी ली थी।
मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वहीं कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से विधायक अजीत पाल तथा मेरठ दक्षिण सीट से विधायक सोमेंद्र तोमर का कद बढ़ाते हुए उन्हें स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।
इसके अलावा विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा और सुरेंद्र दिलेर ने मंत्री पद की शपथ ली। कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश सिंह राजपूत और फतेहपुर जिले की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान को राज्य मंत्री बनाया गया।
कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने के बाद मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के एक सिपाही हैं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन जैसे सामान्य परिवार के बेटे पर विश्वास जताया है, इसके लिए वह ऊंचाहार और प्रदेश के लाखों शुभचिंतकों की ओर से आभार व्यक्त करते हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की विदाई का समय आ गया है, इसलिए विस्तार किया जा रहा है। इस पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि यह विपक्ष का मानसिक असंतुलन दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश का जनादेश भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रवाद और सनातन विचारधारा के पक्ष में है, ऐसे में समाजवादी पार्टी के बयान निराधार हैं।










