• Home
  • रायबरेली
  • आरेडिका में हिंदी निबंध, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन तथा वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन

आरेडिका में हिंदी निबंध, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन तथा वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली के राजभाषा विभाग द्वारा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र के नेतृत्व में तीन दिवसीय राजभाषा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 22 जून से 24 जून 2026 तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी भाषायी दक्षता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन तथा हिंदी वाक् प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

मुख्य राजभाषा अधिकारी रमेश चन्द्र ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजभाषा हिंदी न केवल प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाती है, बल्कि संगठनात्मक एकता और संवाद को भी मजबूत बनाती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों को हिंदी में अधिक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा राजभाषा नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के नाम रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित अखिल रेल स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अनुशंसित किए जाएंगे।

उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अभिनव यादव तथा राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों के उत्साह और सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई। इस संबंध में जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top