रायबरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रायबरेली में 30 जून 2026 को शिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के माध्यम से विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिस प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया जाएगा। प्रधानाचार्य विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि अप्रेंटिस एक्ट-1961 के अंतर्गत नोडल राजकीय आईटीआई गोराबाजार रायबरेली द्वारा विभिन्न ट्रेडों में 12 माह के अप्रेंटिस प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें स्टेनो हिंदी, मैकेनिक मोटर व्हीकल, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिक, फिटर, कोपा तथा इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक ट्रेड के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा लेरनर्न प्राइवेट लिमिटेड की गुरुग्राम एवं गुजरात इकाइयों में अप्रेंटिस प्रशिक्षण के लिए फिटर, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, टूल एंड डाई मेकर, मशीनिस्ट, टर्नर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को अप्रेंटिस पोर्टल पर पंजीकरण कर उसका प्रिंटआउट, शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र तथा पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।
शिक्षुता मेले का आयोजन 30 जून 2026 को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक नोडल राजकीय आईटीआई गोराबाजार, रायबरेली में किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर का लाभ उठा सकते हैं।





