• Home
  • रायबरेली
  • शिव मंगल मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज में सात दिवसीय समर कैंप सम्पन्न

शिव मंगल मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज में सात दिवसीय समर कैंप सम्पन्न

ऊँचाहार, रायबरेली। शिव मंगल मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज में 18 मई से 24 मई तक सात दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया। समर कैंप में छात्रों ने खेल, रंगोली, गायन, वादन, नृत्य और विज्ञान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक पर जोर दिया गया।

समापन दिवस पर छात्रों ने विज्ञान, पर्यावरण, स्वास्थ्य, कला और उद्योग आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज अनुपम शौर्य रहे, जबकि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित श्याम प्रकाश मौर्य एवं समाजसेवी रमेश कुमार मौर्य (दादा जी) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

मुख्य अतिथि ने छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देते हैं तथा समाज को अंधविश्वास से मुक्त करने में सहायक सिद्ध होते हैं। समर कैंप में छात्रों के डिजास्टर मैनेजमेंट, सोलर प्लांट, एडवांस सिटी, प्राकृतिक खेती, बिना माचिस के आग जलाना तथा एडवांस लाइट कंट्रोल सिस्टम जैसे वर्किंग मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रतियोगिता में वर्किंग मॉडल श्रेणी के अंतर्गत एडवांस सिटी मॉडल में अबुसाद एवं आदित्य साहू ने प्रथम स्थान, डिजास्टर मैनेजमेंट में मासूम हैदर ने द्वितीय तथा सोलर प्लांट में आर्यन और प्रांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नॉन वर्किंग मॉडल श्रेणी में आधुनिक प्राकृतिक खेती में सुशांत मौर्य और आयुष ने प्रथम स्थान, आधुनिक ट्रैफिक लाइट में प्रतिज्ञा तथा मैथ फ्रैक्शन मॉडल में आर्यन मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

खेलकूद प्रतियोगिता के तहत आयोजित क्रिकेट मैच में टीम लीडर सत्यम के नेतृत्व वाली टीम विजेता रही। मुख्य अतिथि ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधक ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अशोक स्तंभ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डॉ. आशीष कुमार मौर्य, डॉ. सरिता मौर्या, उपप्रधानाचार्य एस.एन. साहू, एस.एम. पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र प्रताप सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन छात्रा नाहिद अंसारी एवं अनन्या अग्रहरी ने किया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या मीरा मौर्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top