ऊंचाहार, रायबरेली। नगर के गायत्री नगर मोहल्ले में स्थानीय लोगों के सामूहिक सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का रविवार को हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने उपस्थित लोगों को प्रतिदिन दस मिनट गीता पाठ करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मन की नकारात्मक ऊर्जा को नष्ट करती है और मन से क्रोध, तनाव तथा ईर्ष्या को दूर करती है। उन्होंने कहा कि कलयुग में भागवत कथा ही ऐसा साधन है, जो घर बैठे मुक्ति प्रदान कर सकती है। नियमित गीता पाठ से जीवन के विभिन्न कष्टों से मुक्ति मिलती है। समापन कार्यक्रम के तहत सुबह आठ बजे आचार्य दिलीप तिवारी ने व्यास पीठ का पूजन कराया, जिसके बाद हवन का आयोजन हुआ। हवन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुति दी। हवन समाप्त होने के बाद दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा।
समापन अवसर पर आयोजक मंडल की ओर से व्यास जी को अंगवस्त्र और दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने कथा स्थल की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मनीष मिश्र, अजय तिवारी, गिरधारी सोनी, सिद्धनाथ सोनी, गुड्डन यादव, विजय पाल, उमेश साहू, आकाश मौर्य, देव करन सिंह, आदर्श मिश्र, अमरेश यादव, गिरजेश पासी, उमेश मिश्र, रमाकांत अग्रहरि, यश तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





