फिरोजाबाद। नगर निगम की डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार को वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल कर प्रदर्शन किया। कन्हैया नगर स्थित परमेश्वर गेट पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी धरने पर बैठ गए और निगम प्रशासन व सेवा प्रदाता कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। ठेका सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में चल रहे इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने कहा कि लगातार काम करने के बावजूद उन्हें समय पर सैलरी नहीं दी जा रही है।
कर्मचारियों ने बताया कि त्योहारों का सीजन नजदीक होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। ईद और दशहरा जैसे बड़े त्योहार सिर पर हैं, लेकिन घर खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई, राशन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठेका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी ने आरोप लगाया कि सेवा प्रदाता लायक कंपनी कर्मचारियों का शोषण कर रही है और दो माह से वेतन रोक रखा है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद कर्मचारियों को मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। हड़ताल के चलते शहर की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। कई इलाकों में कूड़ा उठान नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों से पहले उनका बकाया वेतन जारी कराया जाए, ताकि उनके परिवारों को राहत मिल सके। इस दौरान संघ के महानगर अध्यक्ष वाल्मीकि विनय चौहान, प्रवक्ता राजीव यादव, महामंत्री पवनदीप चौहान सहित सैकड़ों सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।





