फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके। इसी के अंतर्गत महापौर ने क्षेत्रीय पार्षदों के साथ तीन वार्डों में लगभग 84 लाख 46 हजार 277 रुपये के सड़क निर्माण कार्यों का हवन-पूजन कर शुभारंभ किया। महापौर कामिनी राठौर ने वार्ड नं. 42 के मोहल्ला विजय में पंकज कुमार के मकान से आश्रम तक, विनीता देवी के घर से सेवकराम के मकान तक तथा मंदिर से हरिओम के घर तक आरसी नाली व सीसी सड़क निर्माण कार्य का हवन-पूजन कर शुभारंभ किया। यह निर्माण कार्य 15वें वित्त योजना के अंतर्गत प्राप्त 44 लाख 90 हजार 147 रुपये की धनराशि से कराया जाएगा। वहीं एनकैंप के अंतर्गत वार्ड नं. 18 में जिम वाली गली में लगभग 28 लाख 68 हजार 781 रुपये की धनराशि से सीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। वार्ड नं. 6 के मोहल्ला आजाद नगर में 10 लाख 87 हजार 310 रुपये की लागत से नाली व सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।
महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर सड़कें और सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था नागरिकों की प्राथमिक आवश्यकता हैं और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। इस दौरान उपसभापति केशवदेव कुशवाह, अनिल शंखवार, अजब सिंह शंखवार, भगवान सिंह झा, डीपी सिंह राठौर, दिलीप इंजीनियर, पीके दिवाकर, उमेश राठौर, सुनील वर्मा, संजय शर्मा, श्याम सिंह यादव, सुरेश राठौर, मधुरिमा गुप्ता, अनुपम शर्मा, सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।










