फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी जिला व महानगर द्वारा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सशक्त बूथ ही सशक्त संगठन की पहचान है और सशक्त संगठन ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। भाजपा महानगर द्वारा नगर पालीवाल हॉल में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर के निर्देशन में किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि हाथरस के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ अध्यक्ष से जनसंपर्क बढ़ाने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने तथा प्रत्येक बूथ को संगठनात्मक दृष्टि से मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही भाजपा की विजय का आधार है।
जिला संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का मूल आधार उसका बूथ संगठन है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से प्रत्येक मतदाता से नियमित संपर्क बनाए रखने, संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुँचाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का आग्रह किया। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हुए हैं। भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है।
महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करता है। विधानसभा संयोजक एवं महानगर उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम का गठन, नियमित संपर्क अभियान तथा संगठन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही आगामी चुनावों की सफलता का आधार बनेगा। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि संगठन की मजबूती ही विधानसभा-2027 में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में नानक चंद्र अग्रवाल, सुनील शर्मा, अनिल भारद्वाज, राजेंद्र गुप्ता, आनंद अग्रवाल, देवेश भारद्वाज, केशव सिंह फौजी, योगेंद्र यादव बाबा, अंकित तिवारी, आकाश गुप्ता, सौरभ गुप्ता, नमन बंसल, कैलाश ओझा, राम लड़ैती, विमलेश जाटव, मनीष राठौर, देश दीपक, राजा गुप्ता, गौतम कुशवाहा, प्राचीर गुप्ता, लायक सिंह, सत्यवीर गुर्जर, राजेश झा, विशाल पचौरी, हिमांशु शर्मा, अनुपम शर्मा, के.के. गांधी, आकृति सहयोगी, गीता राठौर, श्याम सिंह यादव, हरिओम वर्मा आदि मौजूद रहे।
वहीं, सिरसागंज विधानसभा में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बूथ सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री एवं एमएलसी विजय शिवहरे ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पार्टी के देवतुल्य बूथ कार्यकर्ताओं ने आज बड़ी संख्या में उपस्थित होकर संगठन के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक बूथ पर भाजपा को विजयी बनाकर 2027 में पुनः भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं पूर्व विधायक हरिओम यादव ने कहा कि बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति के कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे मजबूत इकाई हैं। इस दौरान अतुल प्रताप सिंह (अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक), विजय प्रताप सिंह, रंजना सिंह (चेयरमैन, सिरसागंज), जोगेंद्र यादव, डॉ. अमित गुप्ता, अजीत राजपूत, राजीव यादव, सौरभ शिवहरे, रेनु उपाध्याय, विपिन शिवहरे, स्नेहलता कुशवाहा, ज्योति गुप्ता आदि मौजूद रहे।





