• Home
  • फिरोजाबाद
  • सपा के राष्ट्रीय सचिव समेत कई नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

सपा के राष्ट्रीय सचिव समेत कई नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

फिरोजाबाद। मंगलवार देर रात सुभाष तिराहा और जिला मुख्यालय पर हुए समाजवादी पार्टी के विरोध-प्रदर्शन के बाद बुधवार सुबह पुलिस ने एहतियातन कई सपा नेताओं और पदाधिकारियों को उनके आवासों पर ही रोक दिया। सुबह से पुलिस बल संबंधित नेताओं के घरों पर तैनात रहा, जिससे वे किसी प्रस्तावित प्रदर्शन या रैली में शामिल नहीं हो सके। हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में सपा के राष्ट्रीय सचिव सतेंद्र जैन सोली, पूर्व विधायक अजीम भाई, मीडिया प्रभारी नीरज यादव, टूंडला ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव एडवोकेट, नारखी ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमल सिंह दिवाकर तथा पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी अल्केश सविता सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

सपा नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। सुबह से कई नेताओं के घरों के बाहर पुलिस की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि, पूरे जिले में स्थिति शांतिपूर्ण रही और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top