फिरोजाबाद। रामदास गार्डन, ककरऊ कोठी में वीरांगना झलकारी बाई एजुकेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित सर्व समाज सामूहिक विवाह समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समाज के लोगों ने सहभागिता कर नवविवाहित युगलों को शुभाशीष प्रदान किया। समारोह में विवाह सूत्र में बंधे सभी नवदंपतियों के सुखमय, समृद्ध, मंगलमय एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग, भाईचारे तथा मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। साथ ही ऐसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी सहायक सिद्ध होते हैं और समाज को एकजुट करने का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में वीरांगना झलकारी बाई एजुकेशन सोसाइटी के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। समारोह का वातावरण उल्लास, उत्साह और शुभकामनाओं से सराबोर रहा तथा उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सोसाइटी के प्रबंधक डॉ. वी. पी. सिंह शंखवार, महामंत्री बलवीर सिंह, कोषाध्यक्ष श्याम सिंह शंखवार तथा रोहित शंखवार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को मिला आशीर्वाद





