चन्दौली। अलीनगर थाना पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास लावारिस खड़े एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह ने बताया कि पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुखबिर की सूचना के आधार पर रिंग रोड के कोरी अंडरपास के पास खड़े संदिग्ध ट्रक (संख्या UP74Y4726) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों से कुल 7200 शीशी (लगभग 720 लीटर) अवैध कोडीन कफ सिरप एवं एस्कफ सिरप बरामद किया गया।
मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश कुमार द्विवेदी को बुलाकर नियमानुसार दवाओं का परीक्षण कराया गया। इसके बाद नमूना जांच के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया। पुलिस ने ट्रक के केबिन से एक जीपीएस डिवाइस (Fleetx) तथा उसमें लगी सिम भी बरामद की है। इस संबंध में थाना अलीनगर पर मुकदमा संख्या 0458/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 18A, 28, 18C एवं 27B के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ट्रक के स्वामी की पहचान राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह, निवासी नासूपुर सजेती, पोस्ट मण्डई, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। मामले में ट्रक के उपयोग, अवैध दवाओं की आपूर्ति श्रृंखला तथा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह (चौकी प्रभारी ताराजीवनपुर), मुख्य आरक्षी राकेश कुमार मौर्य तथा आरक्षी प्रवेश कुमार सिंह शामिल रहे।





