चंदौली। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने ‘यूनियन समाधान योजना’ के अंतर्गत ऋण खातों के निपटान के लिए क्षेत्रीय कार्यालय चंदौली में विशेष ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) शिविर का आयोजन किया। ग्राहकों को राहत प्रदान करने एवं पुराने एनपीए खातों के शीघ्र निपटान के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत पात्र उधारकर्ताओं को रियायती शर्तों पर अपने ऋण खातों का एकमुश्त निपटान करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। योजना का अधिक से अधिक लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए 17 जुलाई 2026 को क्षेत्रीय कार्यालय चंदौली के अंतर्गत आने वाली सभी शाखाओं में विशेष ओटीएस शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के दौरान क्षेत्र प्रमुख के नेतृत्व में 100 एनपीए खातों का सफलतापूर्वक निपटान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अंचल प्रमुख वाराणसी टी. कामेश्वर राव, क्षेत्र प्रमुख राजीव कुमार सिंह तथा क्षेत्र की ऋण वसूली टीम विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर उपस्थित रही और ग्राहकों को योजना की जानकारी देने के साथ निपटान की प्रक्रिया पूरी कराई। बैंक ने सभी पात्र ऋणधारकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी संबंधित शाखा से संपर्क करें तथा योजना का लाभ प्राप्त करें। बैंक अधिकारियों ने बताया कि ‘यूनियन समाधान योजना’ ग्राहकों को वित्तीय राहत प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें पुनः बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी शाखाओं को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र ग्राहकों तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर उप क्षेत्र प्रमुख अभिषेक, एलडीएम आशीष, धनंजय कुमार सिंहा सहित अन्य बैंक अधिकारी, बैंककर्मी एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।
यूनियन बैंक की बड़ी पहल: ‘यूनियन समाधान योजना’ के तहत एक ही दिन में 100 एनपीए खातों का निपटान





