➥ डिजिटल लाइब्रेरी, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन और एबीसी सेंटर सहित कई परियोजनाओं का प्रस्ताव शासन को भेजा
हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार की नवयुग पालिका योजना के तहत नगर पालिका परिषद हाथरस ने करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से शहर के आधुनिकीकरण के लिए कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। प्रस्तावों को नगर पालिका बोर्ड की स्वीकृति के बाद अंतिम मंजूरी मिलने पर कार्य शुरू किए जाएंगे। प्रस्तावित योजनाओं में वाटर वर्क्स परिसर में अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन की स्थापना प्रमुख है। इसके अलावा ओढ़पुरा से बांसमंडी चौराहे तक सड़क निर्माण, चिंताहरण मंदिर से मथुरा रोड (मधूगढ़ी मार्ग) तक सड़क निर्माण तथा नगला उम्मेद चौराहे के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है।
नगर में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एवं एंटी रेबीज सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही आधुनिक थीम पार्क विकसित करने की योजना भी नवयुग पालिका योजना में शामिल है। पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने बताया कि नगर पालिका का उद्देश्य हाथरस को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नगर को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन से स्वीकृति और बजट प्राप्त होते ही सभी विकास कार्य शुरू कर जनता को समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा, नागरिकों को आधुनिक सेवाएं मिलेंगी और हाथरस के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।








