हाथरस। इनर व्हील क्लब ऑफ हाथरस रॉयल ने ‘आंगनवाड़ी अपनाएं’ अभियान के तहत मुरसान क्षेत्र के संविलियन विद्यालय, लहरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान केंद्र के 28 बच्चों को शैक्षणिक एवं उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, नियमित शिक्षा और अच्छे संस्कारों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। क्लब की सदस्याओं ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की तथा भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया। क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा ने बताया कि क्लब आगे भी जरूरतमंद बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष राधा गवार, पूजा सिंह, दीप्ति अग्रवाल, अंजू दीपक और लीना अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।





