हाथरस। सासनी-रुदायन मार्ग स्थित एक वेल्डिंग की दुकान पर बाइक में वेल्डिंग करते समय अचानक आग लग गई। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया।
शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, सासनी-रुदायन मार्ग स्थित एक दुकान पर बाइक में वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था। तभी वेल्डिंग से निकली चिंगारी ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और बाइक धू-धू कर जलने लगी। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद कुछ स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने पानी तथा आसपास मौजूद मिट्टी-धूल डालकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।





