रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक अदिति सिंह ने नेहरू नगर में प्रख्यात गैस्ट्रो सर्जन स्वर्गीय डॉ. रजत पाण्डेय की तेरहवीं में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसके बाद वह अम्बेडकर नगर निवासी राजेश सोनकर के आवास पहुंचीं, जहां उनके पूज्य पिता के निधन पर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसी क्रम में विधायक अदिति सिंह सड़क दुर्घटना में घायल अम्बेडकर नगर निवासी शिवा सोनी के घर भी पहुंचीं। उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना, स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि सुख-दुःख की हर घड़ी में रायबरेली सदर परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ खड़े रहना उनका दायित्व और संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और हर परिस्थिति में लोगों के साथ रहना उनकी प्राथमिकता रहेगी।





