हाथरस। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा का बुधवार को शुभारंभ किया गया। तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा और उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने 10 शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य कैशलेस कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विधायक ने कहा कि इस योजना से शिक्षकों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक चिंता से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षा और शिक्षकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र में जूते, मोजे और यूनिफॉर्म की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे अभिभावकों के खातों में भेजे जाने की जानकारी भी दी। उपजिलाधिकारी ने कहा कि कैशलेस इलाज की सुविधा से शिक्षक बिना आर्थिक तनाव के बेहतर चिकित्सा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्रों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे।



