• Home
  • हाथरस
  • भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) ने किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) ने किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर तहसील सासनी में उपजिलाधिकारी नीरज शर्मा को ज्ञापन सौंपा। प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी हाथरस को संबोधित इस ज्ञापन में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। शनिवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह के आह्वान पर सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों की खतौनी में हुई बड़ी संख्या में त्रुटियों को सरकार अपने खर्च पर ठीक कराए। इसके अलावा, संगठन ने नए कृषि कानून को वापस लेने और ‘फार्मर्स रजिस्ट्री’ के आधार पर खाद वितरण की व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने की मांग की।

ज्ञापन में आलू और प्याज उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए सरकार से प्रति क्विंटल 500 रुपये की राहत राशि सीधे किसानों के खातों में भेजने की मांग की गई। साथ ही सरकार से 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू की खरीद सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) ने ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले लगभग 20 वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों का शीघ्र निर्माण कराने की मांग भी की। संगठन के जिला अध्यक्ष ठाकुर उमाशंकर बांगर, उपाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में निर्णय लिया गया कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत 15 जुलाई को उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन तथा 21 जुलाई को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, संजय चौहान, ठाकुर उमाशंकर बांगर, महेश मदान, ठाकुर राजू सिंह, राजबाला शर्मा, प्रदीप उपाध्याय, संजय शर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top