हाथरस। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जनपद की कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, महिला अपराध, पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा वांछित और इनामी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने हिस्ट्रीशीटरों, गौ तस्करों और माफिया तत्वों का सत्यापन नियमित रूप से कराने, चोरी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ई-साक्ष्य प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सीसीटीएनएस, यूपी कॉप, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन दृष्टि और ऑपरेशन त्रिनेत्र सहित विभिन्न अभियानों की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। साथ ही किसी भी व्यक्ति को बिना वैधानिक कारण के थाने या चौकी पर अनाधिकृत रूप से न बैठाया जाए। अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।





