हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा 2, 3 एवं 4 जुलाई को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण परीक्षा है, जिसे शासन की मंशा के अनुरूप पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और पेयजल, बिजली, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा शासन एवं आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने जानकारी दी कि परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो पालियों में तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रति पाली 3,720 परीक्षार्थी शामिल होंगे और तीनों दिनों में कुल 18,600 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा 180 बाह्य कक्ष निरीक्षक और 40 आरक्षित कक्ष निरीक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





