• Home
  • रायबरेली
  • जिला अस्पताल में मरीज से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल, डिप्टी सीएम ने कर्मचारी को किया निलंबित

जिला अस्पताल में मरीज से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल, डिप्टी सीएम ने कर्मचारी को किया निलंबित

रायबरेली। मंगलवार को जिला अस्पताल रायबरेली में अर्ध विक्षिप्त मरीज़ को महिला कर्मचारी द्वारा दुर्व्यवहार करने का वीडियो सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि वीडियो का संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने त्वरित कार्यवाही की और कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जांच के भी आदेश दिए हैं।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फर्श पर अपनी सुध-बुध खोया एक विक्षिप्त व्यक्ति बैठा हुआ है। अस्पताल की सफेद वर्दी पहने महिला सफाईकर्मी उस पर पूरी तरह से संवेदनहीन होकर पैरों से ताबड़तोड़ मार रही है। इतना ही नहीं, वह व्यक्ति के साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे वहां से हटने के लिए कह रही है। इस दौरान वहां से कई लोग और सुरक्षाकर्मी भी गुजरे, लेकिन किसी ने भी उस बेबस व्यक्ति को बचाने या महिला कर्मचारी को रोकने का प्रयास नहीं किया। वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कड़ा एक्शन लेते हुए महिला कर्मचारी को निलंबित करने का आदेश दिया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि मरीज़ से अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जा सकती, ऐसी घटना किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर महिला सफाई कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top