रायबरेली। मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विभिन्न जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवरोध अथवा दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाली स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि मोहर्रम के जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ताजियादारों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर प्रशासन की तैयारियों की जानकारी साझा की और सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मोहर्रम जुलूस को पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





