ऊंचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के गांव पूरे तेलियन मजरे जब्बारीपुर में सरकारी खलिहान की सुरक्षित भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को लेकर एसडीएम विवेक राजपूत ने कड़ा रुख अपनाया है। शिकायत मिलने पर उन्होंने पुलिस बल के साथ निर्माण कार्य रुकवाने और अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। बावजूद इसके निर्माण जारी रहने पर एसडीएम ने संबंधित लेखपाल को जमकर फटकार लगाई। जानकारी के अनुसार, गांव का गाटा संख्या 197 राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज सरकारी सुरक्षित भूमि है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने इस भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसकी शिकायत ग्रामीण अजय कुमार ने एसडीएम से की थी।
शिकायत के बाद एसडीएम ने पुलिस बल के साथ निर्माण कार्य रुकवाने और अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका। गुरुवार को अवैध कब्जाधारी द्वारा निर्माणाधीन भवन पर छत डाल दिए जाने की सूचना मिलने पर एसडीएम ने तत्काल क्षेत्रीय लेखपाल को तलब कर कड़ी नाराजगी जताई। एसडीएम विवेक राजपूत ने कहा कि यदि सरकारी भूमि की सुरक्षा प्रशासन नहीं करेगा तो फिर कौन करेगा। उन्होंने लेखपाल से सरकारी भूमि की सुरक्षा की जिम्मेदारी को लेकर सवाल किया, जिसका वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसडीएम ने दोबारा निर्देश देते हुए कहा कि अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कराकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





