हाथरस। सासनी-जलेसर रोड स्थित गांव किशनगढ़ी के केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई) में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 29 जून से 31 दिवसीय निःशुल्क विमेंस गारमेंट्स (महिला सिलाई) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान के निदेशक सुनील कुमार झा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं एवं युवतियां भाग ले सकती हैं। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों के लिए संस्थान परिसर में निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली प्रतिभागियों को ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके रोजगार और स्वरोजगार के लिए उपयोगी होगा। निदेशक ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण के लिए आवेदन कर सकती हैं। इस सहायता से वे अपना बुटीक या सिलाई सेंटर शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। प्रशिक्षण में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे संस्थान पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड की छायाप्रति तथा चार नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना आवश्यक होगा। संस्थान प्रबंधन ने क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं से इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की है।





