• Home
  • हाथरस
  • फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर 4 अस्पताल और 2 कोचिंग सेंटरों को नोटिस

फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर 4 अस्पताल और 2 कोचिंग सेंटरों को नोटिस

हाथरस। सासनी नगर एवं क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। एसडीएम नीरज शर्मा के नेतृत्व में नगर के विभिन्न अस्पतालों और कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी मानकों का पालन न करने पर चार अस्पतालों और दो कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों तथा फायर सर्विस से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव था। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

एसडीएम नीरज शर्मा ने कहा कि अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संस्थान संचालकों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित कर फायर एनओसी प्राप्त करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर नहीं किया गया तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सील भी किया जा सकता है। अभियान के दौरान फायर सर्विस अधिकारी पी.के. अल्वी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज सिंह सहित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर के अन्य संस्थान संचालकों में भी सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top