हाथरस। सासनी-नानऊ मार्ग पर गांव सीकुर बंबा के निकट एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी लाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गांव दौराहिया निवासी जितेंद्र पुत्र राकेश अपने परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ बाइक से इगलास क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर किसी कार्य से गया था। कार्य समाप्त करने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक नानऊ मार्ग पर सीकुर बंबा के निकट पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में जितेंद्र, 12 वर्षीय रेनू पुत्री रवि, चंचल पुत्री राकेश तथा राकेश पुत्र पन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जबकि अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. अनंत ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जितेंद्र और 12 वर्षीय रेनू की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।





