हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा पिछले तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित “विकास उत्सव” कार्यक्रम अग्रवाल सेवा सदन में भव्यता एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम् के सामूहिक गान ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी, पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक राजवीर पहलवान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों का 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नगर पालिका परिषद द्वारा पिछले तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन रहा। स्मारिका में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल सुविधाओं तथा अन्य जनहितकारी कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने नगर पालिका परिषद हाथरस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विकास की नई तस्वीर उभरी है। उन्होंने कहा कि जनता के समक्ष विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना जवाबदेही और पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्मारिका के माध्यम से नगरवासियों को यह जानकारी दी गई है कि उनके विश्वास पर कितना खरा उतरने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही सर्वोपरि है और नगर पालिका परिषद ने विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत कर एक सकारात्मक परंपरा की शुरुआत की है। नगर की अनेक गलियां पक्की सड़कों में परिवर्तित हुई हैं तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। सांसद अनूप प्रधान और विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह ने भी नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने अपने संबोधन में नगर के विकास में सभी सभासदों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम और जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होता है। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल सेवा सदन का सभागार पूरी तरह खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी, व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी कार्यक्रम में मौजूद रहे। स्थान कम पड़ने के कारण कई लोग बाहर खड़े होकर भी कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे।
विकास उत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद हाथरस ने न केवल अपने तीन वर्षों के विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, बल्कि नगर के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के संकल्प को भी मजबूती के साथ जनता के समक्ष रखा।




