हाथरस। जिले के मुरसान क्षेत्र स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा तकनीकी हादसा हो गया। घटना के बाद उपकेंद्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे उससे जुड़े कई गांवों और क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरते ही उपकेंद्र में तेज धमाका हुआ। आकाशीय बिजली के प्रभाव से उपकेंद्र में लगी बैटरी फट गई और कंट्रोल रूम व कंट्रोल पैनल में स्थापित कई महत्वपूर्ण उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा की दृष्टि से वे तत्काल बाहर निकल आए।
हादसे के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और अन्य दैनिक गतिविधियों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त उपकरणों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू किया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है तथा जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है और विभाग स्थिति को सामान्य बनाने में जुटा हुआ है।




