• Home
  • हाथरस
  • सीएमओ ने किया सिकंदराराऊ ट्रॉमा सेंटर और सीएचसी का औचक निरीक्षण

सीएमओ ने किया सिकंदराराऊ ट्रॉमा सेंटर और सीएचसी का औचक निरीक्षण

हाथरस। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ, ट्रॉमा सेंटर सिकंदराराऊ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकिशोर वर्मा उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। औषधि कक्ष के निरीक्षण में फार्मासिस्ट नरोत्तम सिंह ने बताया कि ईडीएल के अनुसार 243 के सापेक्ष 206 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने ओआरएस काउंटर न मिलने पर तत्काल इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनबीएसयू कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा प्रसूताओं को मिलने वाले भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

ट्रॉमा सेंटर सिकंदराराऊ में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. पवन कुमार, ईएमओ डॉ. मनोज कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। यहां प्रतिदिन लगभग 80 से 90 एक्स-रे किए जाने की जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनरल वार्ड में साफ चादरें उपलब्ध कराने तथा मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन अनुपस्थित मिले। दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने स्वयं को क्षेत्र भ्रमण पर बताया। ओपीडी कक्ष में डॉ. शबनम उपस्थित मिलीं। निरीक्षण के समय ओपीडी पंजिका के अनुसार 53 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top