• Home
  • हाथरस
  • मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 214 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 214 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में

हाथरस। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को अलीगढ़ रोड स्थित कैला फार्म हाउस में 214 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 22 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इससे गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई। विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह योजना सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और गरीब परिवारों के उत्थान की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन ने समारोह को व्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने का प्रयास किया है। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र कन्या के खाते में 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे हस्तांतरित की जाती है। इसके अलावा 25 हजार रुपये की विवाहोपयोगी सामग्री तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। इस प्रकार प्रत्येक जोड़े पर सरकार द्वारा कुल एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में परिजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

➤ सामूहिक विवाह समारोह में घरेलू गैस सिलेंडरों से बना भोजन? सुरक्षा नियमों पर उठे सवाल

➤ 214 जोड़ों के विवाह समारोह में कमर्शियल सिलेंडर की जगह एलपीजी घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल का आरोप, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अलीगढ़ रोड स्थित कैला फार्म हाउस में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडरों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्यक्रम में करीब 214 नवविवाहित जोड़ों, उनके परिजनों और अतिथियों के लिए भोजन तैयार किया गया, लेकिन मौके पर भोजन बनाने के लिए घरेलू सिलेंडरों का उपयोग होता दिखाई दिया, जबकि बड़े व्यावसायिक आयोजनों में नियमानुसार कमर्शियल गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोजन तैयार करने वाले स्थान पर कई घरेलू सिलेंडर लगे हुए थे। जब मौके पर मौजूद एक कर्मचारी से इस संबंध में जानकारी ली गई तो वह स्पष्ट जवाब देने से बचता नजर आया। इसके बाद आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और गैस उपयोग के मानकों को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

जानकारों का कहना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित होते हैं। बड़े व्यावसायिक आयोजनों, होटल, मैरिज हॉल अथवा सामूहिक भोज में कमर्शियल सिलेंडरों का उपयोग किया जाना चाहिए। यदि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया गया है तो इसकी जांच आवश्यक है। अब सवाल यह उठ रहा है कि इतने बड़े सरकारी आयोजन में भोजन तैयार करने के दौरान गैस सुरक्षा मानकों का पालन किया गया या नहीं। यदि घरेलू सिलेंडरों का उपयोग हुआ है तो संबंधित विभागों द्वारा इसकी जांच कर स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top