• Home
  • हाथरस
  • 7.40 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल अकाउंट गैंग के चार आरोपी गिरफ्तार

7.40 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल अकाउंट गैंग के चार आरोपी गिरफ्तार

हाथरस। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी फर्म और बैंक खाते खुलवाकर देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की रकम म्यूल अकाउंट के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर करता था। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज सात मामलों में कुल 7 करोड़ 40 लाख 61 हजार 233 रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन वज्र के तहत प्राप्त शिकायतों की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक खाते में तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और तेलंगाना सहित कई राज्यों से ठगी की रकम आने के प्रमाण मिले। तकनीकी जांच, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और जीएसटी अभिलेखों के विश्लेषण के बाद गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी मनीष गौतम ने बताया कि वह लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर चालू खाते खुलवाता था। प्रत्येक खाते के बदले उसे दो लाख रुपये मिलते थे। गिरोह फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी पंजीकरण कराता, बैंक खाते खुलवाता और उनमें अपने मोबाइल नंबर व ई-मेल लिंक कर साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराता था। पुलिस के अनुसार, संबंधित खाते में विभिन्न साइबर अपराधों से जुड़े 80.88 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों में सत्यवीर सिंह, अर्जुन सिंह, मनीष गौतम और आकाश कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की तलाश जारी है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top