हाथरस। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के नगला मोठा के पास पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय पवन कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी बलापट्टी, कोतवाली सदर क्षेत्र के रूप में हुई है। पवन कुमार गुटखा और बीड़ी जैसे उत्पादों की बिक्री का कार्य करता था।
परिजनों के अनुसार पवन कुमार रात में किसी कार्य से घर से निकला था। बाद में उसकी स्कूटी रेलवे ट्रैक के पास खड़ी मिली। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों का कहना है कि पवन कुमार की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। युवक अविवाहित था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।




