• Home
  • हाथरस
  • पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण

पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण

हाथरस। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिवस पर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने रामबाग इंटर कॉलेज और श्री अक्रूर इंटर कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था तथा मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट सहित संबंधित केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top