सिकंद्राराऊ, हाथरस। दि बार एसोसिएशन के बार कक्ष में मंगलवार को बैनामा रजिस्ट्री से संबंधित नए नियमों तथा रजिस्ट्री कार्यालय के कार्यों को निजी संस्थानों को सौंपने के प्रस्ताव के विरोध में अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.के. सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन रनवीर सिंह ने किया। बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से कहा कि रजिस्ट्री कार्यों को निजी संस्थानों को सौंपना आम जनता के हित में नहीं है। उनका कहना था कि इससे बैनामों में त्रुटियों और फर्जी रजिस्ट्री की संभावनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे लोगों को भविष्य में गंभीर कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
अधिवक्ताओं ने फ्रंट ऑफिस व्यवस्था के प्रचार-प्रसार पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे पारंपरिक रजिस्ट्री व्यवस्था प्रभावित होगी और जनता के हितों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। बैठक के दौरान अध्यक्ष डी.के. सिंह चौहान ने घोषणा की कि अधिवक्ता 10 जून को सभी न्यायालयों के कार्य से विरत रहेंगे। इसके साथ ही कलमबंद हड़ताल करते हुए रजिस्ट्री कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। बैठक में सचिव राजेश बघेल, युवराज सिंह, नरेश प्रताप, गौरी शंकर गुप्ता, वीरपाल सिंह यादव, विपिन कुमार, हुकुम सिंह बघेल, मुरारी लाल शर्मा, ब्रजेश यादव, देवेंद्र दीक्षित शूल, प्रमोद बघेल, विजय उपाध्याय, प्रियांशु दरगढ़, दीपेश पाठक, रूपेंद्र सिंह बघेल, योगेंद्र सिंह पुंढीर, मुनीश शर्मा, भगवान सिंह, राजेश यादव, मुनेश यादव, देवेंद्र कुमार बघेल, सी.पी. बघेल, आनंद कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।




