• Home
  • हाथरस
  • सड़क हादसे में घायल पीआरडी जवान की उपचार के दौरान मौत

सड़क हादसे में घायल पीआरडी जवान की उपचार के दौरान मौत

हाथरस। सासनी क्षेत्र में ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पीआरडी जवान की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नगला सिंह निवासी 55 वर्षीय रमेश चंद पुत्र भूरी सिंह सासनी कोतवाली में पीआरडी जवान के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह मोपेड से घर से ड्यूटी के लिए सासनी आ रहे थे। इसी दौरान गोहाना चौकी पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना के बाद राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायल रमेश चंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल हाथरस रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। अलीगढ़ में उपचार के दौरान बुधवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। रमेश चंद अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top