• Home
  • हाथरस
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जून को हाथरस आएंगे, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जून को हाथरस आएंगे, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 28 जून 2026 (रविवार) को हाथरस जनपद का प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा जिला प्रोटोकॉल एवं संपर्क अधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः 11:30 बजे सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां वह जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर 28 जून को हाथरस में भारी वाहनों का रूट डायवर्जन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 28 जून को प्रस्तावित हाथरस दौरे के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जनपद में भारी एवं मध्यम वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 28 जून को प्रातः 6:00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कासगंज, एटा एवं अलीगढ़ की ओर से आने वाले भारी एवं मध्यम वाहन सिकंद्राराऊ के पंत चौराहा से ही अपने गंतव्य की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। इस दौरान हाथरस शहर की ओर इन वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार अलीगढ़ एवं सासनी की ओर से आने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों को विजयगढ़ चौराहा (अलीगढ़) से ही वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। इन वाहनों को हाथरस की ओर आने की अनुमति नहीं होगी। मथुरा की ओर से सिकंद्राराऊ की दिशा में आने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों को रुहेरी पुल के नीचे तथा वहानपुर से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों का भी हाथरस की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, जिससे मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवश्यकता के अनुसार आवागमन की अनुमति प्रदान की जाएगी।

प्रस्तावित दौरे को लेकर डीएम-एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 28 जून 2026 को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, मंच, पंडाल, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top