• Home
  • फिरोजाबाद
  • कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया मुनि अमित सागर महाराज का 64वां अवतरण दिवस

कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया मुनि अमित सागर महाराज का 64वां अवतरण दिवस

फिरोजाबाद। जैन संत मुनि अमित सागर महाराज का 64वां अवतरण दिवस नगर के आशीर्वाद पैलेस में धार्मिक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण, दीप प्रज्ज्वलन एवं चित्र अनावरण के साथ हुआ। मुनि अमित सागर महाराज ने सभी भट्टारकों को आशीर्वाद स्वरूप पीच्छी भेंट की। इस अवसर पर भट्टारक स्वस्ति ने कहा कि मुनि अमित सागर महाराज ज्ञान के सागर हैं और देशभर के जैन समाज में उनका विशेष सम्मान है। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद के श्रद्धालु सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसे संत का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। समारोह में मुनि श्री का 64 ऋद्धि अर्घ्य से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पाद प्रक्षालन कर भक्तिभाव से पीच्छी एवं कमंडल भेंट किए। इस अवसर पर कई धार्मिक ग्रंथों एवं पुस्तकों का भी विमोचन किया गया। अपने संबोधन में मुनि अमित सागर महाराज ने कहा कि भट्टारकों का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। उनका प्रमुख दायित्व धर्म, साधुओं और मंदिरों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का लाल मंदिर इस परंपरा का जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम में भट्टारक स्वामी जिनसेन, हरेंद्र नाथ एवं अविरल सागर मंचासीन रहे। समारोह में एफ.एस. यूनिवर्सिटी के चांसलर संजीव भारद्वाज, आगरा यूनिवर्सिटी के कमलेश, इंद्र कुमार जैन, राजेश जैन, अशोक जैन, डॉ. अमित जैन, डॉ. सुनील जैन, राजकुमार जैन, नितिन, मुकेश, शीतल जैन, मनोज जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top