फिरोजाबाद। 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पदक, ट्रॉफी एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। जनपद में आयोजित 18वीं अंतर्जनपदीय जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन आगरा जोन टीम के लिए किया गया था। पीटीआई रविन्द्र के नेतृत्व में गठित आगरा जोन टीम ने 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग की कराटे एवं पेंचक सिलाट प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चल वैजयंती अपने नाम की। इसके अलावा वुशु एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में भी खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर आगरा जोन का गौरव बढ़ाया। सभी जोनों में आगरा जोन सर्वाधिक पदक जीतने के मामले में तृतीय स्थान पर रहा। सम्मान समारोह के दौरान एसएसपी आदित्य लांग्हे ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद फिरोजाबाद एवं आगरा जोन का प्रदेश स्तर पर नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर टीम मैनेजर निरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक विजय चौहान, जूडो टीम कोच मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार, वुशु कोच मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, महिला टीम कोच उपनिरीक्षक ऐश्वर्या कौशल तथा जोन टीम कोच पीटीआई सुबोध कौशिक सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।





