• Home
  • रायबरेली
  • लखनऊ में 3 से 5 जुलाई तक होगा आम महोत्सव का आयोजन

लखनऊ में 3 से 5 जुलाई तक होगा आम महोत्सव का आयोजन

रायबरेली। जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा ने जनपद रायबरेली के समस्त आम उत्पादकों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सूचित किया है कि आम महोत्सव-2026 का आयोजन 3 से 5 जुलाई, 2026 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में किया जाएगा। महोत्सव का उद्घाटन 3 जुलाई, 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि आम की विभिन्न प्रजातियों तथा आम से बने संरक्षित उत्पादों के प्रदर्श 2 जुलाई, 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे तक लगाए जाएंगे। इसी दिन अपराह्न 4 बजे प्रदर्शों का मूल्यांकन (जजिंग) भी किया जाएगा।
जनपद के इच्छुक कृषक एवं किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), जो आम की विभिन्न प्रजातियों या आम से बने संरक्षित उत्पादों का प्रदर्शन करना चाहते हैं, वे 1 जुलाई, 2026 तक अपने प्रदर्श का विवरण जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, रायबरेली में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वे 2 जुलाई, 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे तक आयोजन स्थल पर स्वयं भी अपना प्रदर्श लगा सकते हैं।
यदि कृषक अथवा निजी उद्यानपति आम की उन्नत गुणवत्ता वाली पौध-रोपण सामग्री एवं आम के फलों की बिक्री करना चाहते हैं, तो वे प्रजाति का टैग लगाकर पौधों एवं फलों का विक्रय कर सकते हैं।
महोत्सव के दौरान आम की विभिन्न प्रजातियों, आम उत्पादन में हो रहे नवाचारों, विपणन तकनीकों, प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां कृषि एवं उद्यान विशेषज्ञों तथा वैज्ञानिकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top