• Home
  • रायबरेली
  • आरेडिका में प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा एवं सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित

आरेडिका में प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा एवं सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के अधिकारी क्लब में 29 जून 2026 को प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी/पीयू सुरेश कुमार सिंह सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय रेलवे प्रमोटी अधिकारी महासंघ के प्रधान सचिव अमित जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रमोटी अधिकारियों के हितों और संगठन की गतिविधियों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष एन. के. वर्मा और महासचिव अनिल श्रीवास्तव सहित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। वार्षिक आम सभा में प्रमोटी अधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए महाप्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। महासचिव अनिल श्रीवास्तव ने संगठन की पिछले एक वर्ष की गतिविधियों और वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने अपने संबोधन में संगठन की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए अधिकारियों से संस्थान की प्रगति में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरेडिका प्रशासन प्रमोटी अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

इसी अवसर पर जून 2026 में सेवानिवृत्त हो रहे दो वरिष्ठ अधिकारियों—आर. एन. तिवारी, सचिव, महाप्रबंधक एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तथा अनुप कुमार जौहरी, सहायक कार्यशाला प्रबंधक—का सम्मान एवं विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। दोनों अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और परिवार सहित सामूहिक रात्रिभोज के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। जानकारी प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन, आरेडिका रायबरेली के महासचिव अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top