• Home
  • हाथरस
  • सीएससी सेंटर संचालक से 10 हजार रुपये की ठगी

सीएससी सेंटर संचालक से 10 हजार रुपये की ठगी

हाथरस। शहर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक शातिर युवक ने धोखाधड़ी कर सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक से 10 हजार रुपये की ठगी कर फरार हो गया। पूरी घटना सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के कामरेड भगवानदास मार्ग स्थित मुरसान गेट की लालसा गली में संचालित एक सीएससी सेंटर पर सोमवार देर शाम करीब 9 बजे स्कूटी सवार एक युवक पहुंचा। उसने सेंटर संचालक शैलेंद्र कुमार सिंह से कहा कि उसे एक क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर कराने हैं। संचालक ने उसके बताए क्यूआर कोड पर राशि भेज दी, लेकिन युवक नकद भुगतान किए बिना ही स्कूटी से मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सेंटर संचालक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। आरोपी की पूरी गतिविधि सेंटर के भीतर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना की सूचना तत्काल कोतवाली सदर पुलिस और साइबर क्राइम टीम को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top