लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी अब 30 जून 2026 तक विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण करा सकेंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार सभी वर्गों—सामान्य (यूआर), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विलंब शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर विलंब शुल्क सहित अपना पंजीकरण पूर्ण करने की अपील की है, ताकि वे प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकें। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं अन्य आवश्यक विवरण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।





