• Home
  • हाथरस
  • संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 11 जुलाई से चलेगा दस्तक अभियान

संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 11 जुलाई से चलेगा दस्तक अभियान

हाथरस। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि इस संबंध में 23 जून को जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी ने पशुपालन, शिक्षा, बाल विकास, ग्राम्य विकास, जल निगम, जिला पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संचारी रोगों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष सभी संबंधित विभागों के सहयोग से संचारी रोग नियंत्रण के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत 11 जुलाई से आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव एवं घर-घर जाकर दस्तक अभियान चलाएंगी। अभियान के दौरान संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर उनकी जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला पंचायती राज विभाग की ओर से 1 जुलाई से प्रत्येक गांव में विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत नालियों, जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई जाएगी तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें तथा घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि टूटे-फूटे बर्तन, कूलर, पुराने टायर या अन्य स्थानों पर जमा पानी मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बनता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि बुखार, तेज सिरदर्द, बदन दर्द या अन्य किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top