• Home
  • लखनऊ
  • यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा

यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा

लखनऊ। कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा निर्धारित मानकों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई जाए। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा से लेकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी तक प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग पूरी गंभीरता के साथ सुनिश्चित की जाए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि गोपनीय परीक्षा सामग्री का भंडारण कोषागार के डबल-लॉक सिस्टम में किया जाए तथा प्रश्नपत्रों एवं अन्य गोपनीय सामग्री का परिवहन सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि प्रश्नपत्र खोलने, वितरण करने और परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें पुनः सील करने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। इसके लिए परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी कार्मिकों को पूर्व प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया की अनिवार्य वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निरीक्षकों का कक्ष आवंटन स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी संबंधित कार्मिकों से ‘नो रिलेशन सर्टिफिकेट’ प्राप्त किया जाए तथा परीक्षा सामग्री की पैकिंग एवं सीलिंग में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात, चिकित्सकीय सहायता, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की जाए। ग्रीष्म ऋतु एवं संभावित मानसून को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा 2 जुलाई 2026 को दो पालियों में तथा 3 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में आयोजित होगी। वहीं प्राथमिक स्तर की परीक्षा 3 जुलाई 2026 को द्वितीय पाली और 4 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल होंगे। समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एम.पी. अग्रवाल, शिक्षा आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top