हाथरस। जनपद में जुलाई माह के विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान-2026 का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा नगरीय क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संचारी रोगों से बचाव का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का दूसरा चरण एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, कृषि, बाल विकास समेत विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। रैलियों, गोष्ठियों, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को मच्छरजनित एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगी। अभियान के दौरान बुखार, आईएलआई, क्षय रोग, कुष्ठ रोग तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाएगी। वहीं नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, जलभराव वाले स्थानों पर लार्वीसाइड का छिड़काव तथा खराब हैंडपंपों की मरम्मत जैसे कार्य कराएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जुलाई माह में प्रदेशव्यापी स्टॉप डायरिया अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मी ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां लेकर घर-घर पहुंचेंगे तथा दस्त से पीड़ित बच्चों को आवश्यक उपचार सामग्री उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग खुले एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखेगा। सड़े-गले फल-सब्जियों तथा अस्वच्छ तरीके से तैयार किए जा रहे खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुर कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह, डॉ. एम.आई. आलम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलवीर वर्मा, जिला महामारी विशेषज्ञ, जिला मलेरिया अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जागरूकता रैली का उद्देश्य आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।





