फिरोजाबाद। जनपद में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 11 जुलाई से विशेष दस्तक अभियान भी शुरू होगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अभियान का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जनपद को संचारी रोगों से मुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग और बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा घर-घर पहुंचने वाली आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार या संचारी रोगों के अन्य लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करे, जहां जांच और उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमें जनपद के प्रत्येक घर का भ्रमण करेंगी और लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और एएनएम घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगी तथा संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करेंगी।





