फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे से मुलाकात कर वार्ड संख्या 49 में कराए गए विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2022 में जानकी द्वार एवं रामद्वारा से राजेंद्र विश्रामगृह तक हनुमान रोड पर लगभग 7.44 लाख रुपये की लागत से हॉट मिक्स प्लांट के माध्यम से सड़क निर्माण कराया गया था। इसके बाद वर्ष 2023 में सर्कुलर रोड से राजेंद्र विश्रामगृह तक लगभग दो लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया। इस प्रकार वर्ष 2022-23 के दौरान उक्त मार्ग पर करीब 9.44 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य हुआ।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि तीन मई 2025 को हनुमान द्वार हनुमान रोड से लोटन लाल श्रीकृष्ण धर्मशाला तक लगभग दो लाख रुपये की लागत से हॉट मिक्स प्लांट द्वारा पेचवर्क कराया गया। इसके बावजूद इसी सड़क के रामद्वारा-जानकी द्वार से सर्कुलर रोड तक करीब 49 लाख रुपये से अधिक की लागत का टेंडर जारी कर आठ मई 2025 को कार्यादेश भी जारी कर दिया गया। व्यापार मंडल का आरोप है कि जब इस टेंडर की जानकारी व्यापारियों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद संबंधित टेंडर निरस्त कर दिया गया। व्यापार मंडल ने नगर मजिस्ट्रेट से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करने तथा जांच की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में रमाशंकर दादा, स्वतंत्र गुप्ता, अनिल गुप्ता अमीना, सुभाष यादव, रामगोपाल बजाज सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।





