• Home
  • फिरोजाबाद
  • काशीराम आवास योजना में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग

काशीराम आवास योजना में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग

फिरोजाबाद। भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने काशीराम आवास योजना, पचवां में व्याप्त गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्ष 2009 में आवंटित इस आवास योजना में हजारों परिवार, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग निवास करते हैं, लेकिन लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई और कूड़ा उठान नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष राहुल यादव ने ज्ञापन में कहा कि पूरी कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बरसात के मौसम में जाम नालियां और फैली गंदगी संक्रामक बीमारियों के फैलने का कारण बन सकती हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

यूनियन ने नगर आयुक्त से मांग की कि पांच दिनों के भीतर नालियों की सफाई, नियमित कूड़ा उठान तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय किसान क्रांति यूनियन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में यतेंद्र यादव, दर्शन यादव, उमाकांत, पवन, रोहित, पुनीत चतुर्वेदी, राघव गुप्ता, विनीत अग्रवाल, नीतू सिंह, लता, मुस्कान, प्रिया सहित अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top